देश की खबरें | दिल्ली से न्यूजीलैंड पहुंचने के तीन दिन बाद एअर इंडिया के सात यात्रियों के संक्रमित होने की पुष्टि
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 अगस्त दिल्ली से एअर इंडिया की एक उड़ान से रविवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचने के तीन दिन बाद सात यात्रियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस महीने की शुरूआत में एअर इंडिया की सभी यात्री उड़ानों को अगस्त के अंत तक हांगकांग में उतरने से प्रतिबंधित कर दिया गया था। एयरलाइन की 14 अगस्त की दिल्ली-हांगकांग उड़ान से पहुंचने के बाद करीब एक दर्जन यात्रियों की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ऐसा किया गया था।

यह भी पढ़े | CM Captain Amarinder Singh: पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद को 7 दिन के लिए किया सेल्फ-क्‍वारंटीन.

एक सरकारी अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार की एअर इंडिया की दिल्ली-ऑकलैंड उड़ान के सात यात्रियों के पहुंचने के तीन दिन बाद उनकी कोविड-19 जांच में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। ’’

इस विषय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने का अनुरोध किये जाने पर एअर इंडिया ने कहा, ‘‘इस वक्त इस मुद्दे पर हम कोई टिप्पणी करना नहीं चाहेंगे। ’’

यह भी पढ़े | NEET-JEE Exams 2020 Row: सीएम ममता बनर्जी ने कहा- पीएम मोदी को ‘मन की बात’ में छात्रों से नीट और जेईई की परीक्षा के बारे में सुझाव लेना चाहिए.

ऑकलैंड में शुक्रवार की प्रेस वार्ता के दौरान न्यूजीलैंड की जन स्वास्थ्य निदेशक कैरोलीन मैकएलने ने कहा, ‘‘बाहर से आये सात मरीज 23 अगस्त को एक ही उड़ान से आये और तीसरे दिन की जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। ’’

उन्होंने कहा कि इन लोगों को ऑकलैंड के जेट पार्क होटल में पृथक-वास में भेजा जाएगा।

उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि ये लोग एक ऐसे देश से आये हैं जहां कोविड-19 के काफी मामले हैं, इसलिए इस बात की अत्यधिक संभावना है कि वे विमान में सवार होने से पहले ऐसे व्यक्ति रहे होंगे जिनमें संक्रमण का पता नहीं चला होगा।

न्यूजीलैंड के वित्त मंत्री ग्रांट राबर्टसन भी प्रेस वार्ता में मौजूद थे। यह पूछे जाने पर कि ये यात्री किस देश से हैं,उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं कहना चाहता कि वे किस देश से हैं क्योंकि मैं नहीं जानता कि प्रत्येक यात्री किस देश से आया है, पर उड़ान एअर इंडिया की थी। लेकिन, इसका यह मतलब नहीं है कि उस उड़ान में आये लोग भारत से ही रहे हों। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)