रांची, 17 सितंबर झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से मंगलवार तक तीन दिन चलेगा जिसके हंगामेदार होने की संभावना है।
कोरोना संक्रमण काल में आयोजित विधानसभा का यह सत्र विशेष सावधानियों के साथ बुलाया गया है और सभी विधायकों, विधानसभा कर्मियों तथा मीडिया के लोगों को कोविड-19 जांच के बाद ही इस सत्र में प्रवेश दिया जायेगा।
विधानसभा के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि 82 सदस्यीय सदन में कुल लगभग 110 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। प्रत्येक विधायक की सीट के बाद एक सीट छोड़कर ही दूसरे विधायक को बैठने की अनुमति होगी।
विधानसभा परिसर में ही कैंप लगाकर सदन में आने वाले सभी अनुमति प्राप्त लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की व्यवस्था की गयी है।
यह भी पढ़े | हरसिमरत कौर बादल का इस्तीफा ‘नाटक’, मोदी सरकार से समर्थन वापस क्यों नहीं लिया: कांग्रेस.
राज्य विधानसभा के कल से शुरू हो रहे मानसून सत्र में 18 सितंबर को सिर्फ श्रद्धांजलि सभा होगी जिस दौरान बजट सत्र के बाद से अब तक दिवंगत हुए लोगों को सदन में श्रद्धांजलि समर्पित की जायेगी।
विधानसभा के इस मानसून सत्र में 18 सितंबर के बाद 19 एवं 20 सितंबर को अवकाश होगा जिसके बाद 21 और 22 सितंबर को सदन की कार्यवाही चलेगी। सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं।
विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र में अन्य विधायी कार्यों के साथ 21 सितंबर को वित्त वर्ष 2020-21 का प्रथम अनुपूरक बजट भी पेश किया जायेगा।
इस बीच, राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। इसके साथ ही भाजपा विपक्ष के नेता का पद भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को न दिये जाने का भी सदन और सदन के बाहर पुरजोर विरोध करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY