देश की खबरें | झारखंड से कांग्रेस के तीन विधायकों को पश्चिम बंगाल में रोका गया, बड़ी मात्रा में नकदी बरामद

हावड़ा/रांची, 30 जुलाई झारखंड से कांग्रेस के तीन विधायकों को शनिवार रात पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में रोका। उनके वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर जिस वाहन में विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्चाप और नमन बिक्सल कोंगरी सवार थे, उसे पांचला पुलिस थाना क्षेत्र में रानीहाती में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर रोका गया।

हावड़ा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक स्वाति भांगलिया ने कहा, ‘‘हमें सटीक सूचना मिली थी कि काले रंग की एक कार में भारी मात्रा में पैसा ले जाया जा रहा है। हमने वाहनों की तलाशी शुरू कर दी और इस कार को रोका, जिसमें तीन विधायक सवार थे। कार से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नकदी गिनने के लिए मशीन मंगवाई जा रही है। विधायकों से भी धन के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।’’

पुलिस ने बताया कि एसयूवी में विधायकों के अलावा दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे। इस कार के एक बोर्ड पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न के साथ ही ‘‘विधायक जामताड़ा झारखंड’’ लिखा हुआ था।

अंसारी जामताड़ा, जबकि कच्चाप रांची जिले के खिजरी और कोंगारी सिमडेगा कोलेबिरा से विधायक हैं।

कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पार्टी घटना की जानकारी मिलने के बाद ही इस पर टिप्पणी करेगी।

झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘पार्टी इस मुद्दे पर अपना रुख कल ही बता पाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)