देश की खबरें | नगालैंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन तीन विधेयक पेश

कोहिमा, 11 सितंबर नगालैंड विधानसभा के चार दिवसीय मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को तीन विधेयक पेश किये गये और एक अधिनियम निरस्त कर दिया गया।

हाथ सै मैला ढोना और शुष्क शौचालयों का निर्माण (निषेध), अधिनियम, 1993 को निरस्त कर इसके स्थान पर हाथ से मैला ढोना निषेध और पुनर्वास अधिनियम, 2013 को लागू किया गया।

सदन ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो), संशोधन अधिनियम, 2019 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो), नियम, 2020 पर एक संकल्प भी अपनाया। दोनों प्रस्ताव मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो द्वारा पेश किए गए। इस दौरान विधानसभा में तीन विधेयक भी पेश किये गये।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, पी पाइवांग कोन्याक ने नगालैंड मोटर वाहन कराधान (संशोधन) विधेयक, 2023 और नगालैंड यात्री एवं माल कराधान (संशोधन) विधेयक, 2023 पेश किया। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने नॉर्थ ईस्ट क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2023 पेश किया।

विधानसभा अध्यक्ष शेरिंगैन एल. ने सदन को सूचित किया कि तीनों विधेयकों पर मंगलवार को विचार किया जाएगा।

इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक नोके वांगनाओं को श्रद्धांजलि दी। वांगनाओं, राज्य के सबसे लंबे समय तक विधायक रहे हैं। गत 28 अगस्त को उनका निधन हो गया था।

विधानसभा सदस्यों ने दिवंगत आत्मा के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)