देश की खबरें | गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में तीन गिरफ्तार

गुरुग्राम, 17 जून हरियाणा के गुरुग्राम में पालम विहार इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान मुकुल, समीर और तुषार के रूप में की गयी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फर्जी कॉल सेंटर एक किराए के घर में संचालित किया जा रहा था और आरोपी इसके जरिए विदेशी नागरिकों को तकनीकी सहायता प्रदान करने के बहाने कथित तौर पर ठग रहे थे।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत साइबर अपराध पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि उनके पास से तीन लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिवीर के मुताबिक तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)