देश की खबरें | सीट बंटवारे में कठिनाई नहीं होगी, अपना नुकसान करके भी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को जिताएंगे: लालू

मुंबई, एक सितंबर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी दलों को अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे में कोई कठिनाई नहीं होगी और वे अपना नुकसान करके भी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को जिताएंगे।

उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह दावा भी कि मोदी सरकार में अल्पसंख्यकों के बीच भय का माहौल है।

लालू प्रसाद ने कहा, ‘‘हम सब एक हैं और एक होकर यह लड़ाई लड़ेंगे। हम सब समायोजित करके आगे सीटों का तालमेल अब शुरू करेंगे। कोई दिक्कत-कठिनाई नहीं होगी, अपना नुकसान करके भी हम ‘इंडिया’ को जिताएंगे और देश को बचाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम शुरू से ही 'भाजपा हटाओ, देश बचाओ' की लड़ाई लड़ते रहें हैं...इस देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं। देश में गरीबी और महंगाई बढ़ रही है। भाजपा के लोग झूठ बोलकर सत्ता में आए।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से मोदी सरकार घबरा गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी लोकतंत्र को बचाने और भारतीय संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दी गई गारंटी को बनाए रखने के लिए एकजुट हैं। हम सभी के लिए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करेंगे। जाहिर है कि मोदी सरकार घबरा गई है।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)