देश की खबरें | पंजाब के अस्पतालों में उपचार के लिए ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है: स्वास्थ्य मंत्री
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 11 सितंबर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार ने ऑक्सीजन सिलेंडर के विनिर्माण और रिफिलिंग की विस्तृत व्यवस्था की है।

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में उपचार के लिए ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर के विनिर्माण और रिफिलिंग की विस्तृत व्यवस्था की गई है।’’

यह भी पढ़े | ऑन डिमांड कोरोना टेस्ट को यूपी सरकार की हरी झंडी, एक दिन में 1.50 लाख कोरोना सैंपल की जांच.

मंत्री ने कहा कि लुधियाना में अस्पतालों को ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के अलावा, जिला प्रशासन ने अन्य जिलों में भी ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।

मंत्री ने कहा, ‘‘लुधियाना में प्रतिदिन 800 ऑक्सीजन सिलेंडर के निर्माण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यहां प्रतिदिन 3,000 सिलेंडर भरने की भी व्यवस्था है।’’

यह भी पढ़े | वन्य जीवों के लिए बड़ी सौगात है NH44 पर एलीवेटेड रोड.

लुधियाना राज्य में कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित जिलों में से एक है। लुधियाना में अब तक संक्रमण के कुल 12,754 मामले सामने आए हैं और जिले में 546 लोगों की मौत हुई हैं।

उन्होंने कहा कि लुधियाना के उपायुक्त वरिंदर कुमार शर्मा ने लुधियाना में उद्योग से जुड़े लोगों पर जोर डालकर तुरंत अस्पतालों के लिए मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू करने के लिए कहा है।

इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि अस्पताल में भर्ती कोविड-19 रोगियों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित करना हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की ज़िम्मेदारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)