नयी दिल्ली, 15 जुलाई केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को कहा कि सचिन पायलट और भाजपा के नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।
शेखावत के इस बयान के पहले कांग्रेस के बागी नेता सचिन पायलट ने कहा था कि वह भगवा पार्टी में शामिल नहीं होंगे ।
यह भी पढ़े | केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले का बड़ा दावा, कहा- '2 से 3 महीने में उथल-पुथल से जा सकती है उद्धव सरकार'.
उन्होंने एक बयान में कहा कि मंगलवार के उनके बयान से यह नहीं समझना चाहिए कि पार्टी ने उनके (पायलट) स्वागत के लिए कालीन बिछा दिया है ।
मंगलवार को शेखावत ने कहा था कि अगर जनाधार वाला कोई नेता भाजपा से जुड़ता है तो यह खुशी की बात होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा था कि हमारे वैचारिक मंच से कोई जनाधार वाला व्यक्ति जुड़ता है तो यह खुशी की बात होगी। हमारे (राजस्थान) प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इसी मंशा से यह बात कही होगी। लेकिन इसको ऐसे नहीं समझना चाहिए कि हम व्यग्रता से कालीन बिछाकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। ’’
राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता ने इससे भी इनकार किया कि उनकी पार्टी के नेताओं की पायलट से बात हुई है।
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस नेता ने खुद कहा है कि वह किसी के भी संपर्क में नहीं हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY