देश की खबरें | ‘पाकिस्तान में आटे के लिए मचा हाहाकार : भाजपा सरकार करोड़ों लोगों को दे रही मुफ्त राशन’

बहराइच/श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश), 30 अप्रैल उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि देश और प्रदेश में (भाजपा) सरकार करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन दे रही है जबकि "पड़ोसी देश पाकिस्तान" में गेहूं के आटे के लिए हाहाकार मचा है।

पाठक ने बहराइच और श्रावस्ती में राज्य के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित रैलियों को संबोधित करते हुए कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से प्रदेश और देश में गरीब लोगों को मुफ्त घर और राशन मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर पड़ोसी देश पाकिस्तान में गेहूं के आटे के लिए भी हाहाकार मचा हुआ है।"

पाठक ने कहा कि जब से प्रदेश और देश में भाजपा सत्ता में आई है तब से विकास की गति में काफी तेजी आई है।

उन्होंने कहा, "राज्य में गुंडे और माफिया नहीं हैं और योगी आदित्यनाथ सरकार ने उनकी कमर तोड़ दी है।"

उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यह भी कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस नीत संप्रग सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी और उसके कुछ मंत्री जेल भी जा चुके थे।

उन्होंने कहा, "दुनिया में भारत की छवि भ्रष्ट देश की बन गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता की बागडोर संभालने के बाद सभी देशों में जाकर भारत की सही तस्वीर पेश की। उन्होंने (पूर्व प्रधानमंत्री) अटल बिहारी वाजपेयी जी का संदेश और दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद जमीन पर लागू किया।"

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला करते हुए कहा कि सपा शासन में इटावा और सैफई में 24 घंटे बिजली मिलती थी, जबकि अब पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिल रही है।

रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत में पाठक ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान पुलिस और अभियोजन पक्ष ने अपराधियों का समर्थन करने के लिए चार्जशीट दायर नहीं की, लेकिन हम हर अपराधी को दंडित करने, राज्य में कानून का शासन स्थापित करने और उसे मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बहराइच और श्रावस्ती में नगरीय निकाय चुनावों के तहत आगामी चार मई को मतदान होगा जबकि मतगणना 13 मई को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)