मुंबई, पांच जुलाई वर्ष 2023 के पहले छह महीनों में विलय एवं अधिग्रहण सौदों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बावजूद इन सौदों का मूल्य 75 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 32.6 अरब डॉलर रह गया।
वित्तीय बाजारों के आंकड़े देने वाली कंपनी रिफाइनिटिव ने बुधवार को कहा कि भारतीय कंपनी जगत में जनवरी-जून 2023 के दौरान विलय एवं अधिग्रहण के 1,400 से भी अधिक सौदे किए गए। यह एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 5.2 प्रतिशत अधिक और अब तक का रिकॉर्ड है।
हालांकि इन सौदों के कुल मूल्य के लिहाज से 75 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है। कैलेंडर वर्ष 2023 की पहली छमाही में हुए विलय एवं अधिग्रहण सौदों का मूल्य 32.6 अरब डॉलर रहा जबकि साल भर पहले की समान अवधि में एचडीएफसी बैंक में एचडीएफसी लिमिटेड के विलय की घोषणा से यह मूल्य बहुत अधिक था।
विलय एवं अधिग्रहण सौदों की संख्या बढ़ने के पीछे मध्यम आकार के सौदों में आई तेजी की अहम भूमिका रही है। हालांकि इस अवधि में पांच अरब डॉलर से अधिक मूल्य के सौदों का अभाव रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल की पहली तिमाही में एक अरब डॉलर से अधिक मूल्य के किसी भी सौदे की घोषणा नहीं की गई। दूसरी तिमाही में भी एक अरब डॉलर के दायरे में आने वाले चार सौदे ही हुए। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का आईडीएफसी में प्रस्तावित विलय साल के बाकी समय में इस परिदृश्य को मजबूती देगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY