देश की खबरें | दिल्ली में पांच मार्च से शुरू होगा तीन दिवसीय विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन

नयी दिल्ली, 17 फरवरी ‘द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट’ (टेरी) द्वारा अगले महीने की शुरुआत में आयोजित किए जाने विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन 2025 में सतत वित्त, ऊर्जा परिवर्तन, जलवायु प्रतिबद्धताओं, नवाचार और सतत विकास को मुख्यधारा में वापस लाने सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

यह जानकारी सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी गई।

विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन का 24वां संस्करण नयी दिल्ली में पांच से सात मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय ‘‘सतत विकास और जलवायु समाधान में तेजी लाने के लिए साझेदारियां’’ है।

इस सम्मेलन के तहत, वैश्विक स्तर पर जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया जाएगा।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव इस सम्मेलन का उद्घाटन कर सकते हैं।

टेरी की महानिदेशक डॉ. विभा धवन ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘साझेदारियां परिवर्तनकारी जलवायु कार्रवाई का मूलभूत आधार हैं। 2025 के सम्मेलन में हमारा उद्देश्य ऐसे सामूहिक प्रयासों को प्रेरित करना है जो नवाचार को बढ़ावा दें और सतत भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी समाधान प्रदान करें।’’

टेरी के प्रतिष्ठित ‘फैलो’ अजय शंकर ने कहा, ‘‘दुनिया जब सतत विकास लक्ष्यों से भटक रही है तो ऐसे में डब्ल्यूएसडीएस सहयोग के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा। यह विभिन्न क्षेत्रों की आवाजों को एक साथ लाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)