Sensex Update: शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में आई गिरावट, सेंसेक्स 474.1 अंक टूटा
वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोर रूख और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में गिरावट के चलते बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट हुई.
मुंबई, 7 सितंबर : वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोर रूख और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में गिरावट के चलते बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट हुई. बीएसई सेंसेक्स की शुरुआत कमजोर रही और 30 शेयरों पर आधारित यह सूचकांक शुरुआती कारोबार में 474.1 अंक गिरकर 58,722.89 पर आ गया. वहीं, एनएसई निफ्टी 171.3 अंक गिरकर 17,484.30 पर था.
इस दौरान इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे. पॉवर ग्रिड, एशियन पेंट्स, नेस्ले और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में तेजी रही. अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, शंघाई, तोक्यो और हांगकांग के बाजार नुकसान में कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश आएंगे दक्षिण अफ्रीका से चीते
पिछले कारोबारी सत्र में, मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 48.99 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,196.99 अंक पर बंद हुआ था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10.20 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसलकर 17,655.60 अंक पर बंद हुआ था. इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.28 फीसदी कम होकर 91.61 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,144.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 07, 2022 10:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

