नयी दिल्ली, एक नवंबर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के विजेताओं को सोमवार को ट्रॉफी सौंपी क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल पुरस्कार समारोह का आनलाइन आयोजन किया गया था।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के विजेताओं को पहले ही नकद पुरस्कार दिया जा चुका था लेकिन महामारी के कारण वे अपनी ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र नहीं ले पाए थे।
खेल मंत्रालय ने पिछले साल 29 अगस्त को 74 राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए थे जिसमें पांच राजीव गांधी खेल रत्न (अब नाम परिवर्तित करके मेजर ध्यानचंद खेल रत्मन किया गया) और 27 अर्जुन पुरस्कार शामिल थे।
शहर के होटल में सोमवार को समारोह में हिस्सा लेने वाले पुरस्कार विजेताओं में महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, स्टार पहलवान विनेश फोगाट और 2016 पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलु आदि शामिल थे जिन्हें प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार दिया गया।
तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, क्रिकेटर इशांत शर्मा, धाविका दुती चंद, तीरंदाज अतनु दास ओर बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अर्जुन पुरस्कार ट्रॉफी लेने वालों में शामिल रहे।
ठाकुर ने समारोह के दौरान कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रतिष्ठित पुरस्कार हैं जिन्हें खिलाड़ी वर्षों के समर्पण और कड़ी मेहनत के बाद हासिल करते हैं। सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई और भविष्य की योजनाओं के लिए शुभकामनाएं। पुरस्कार विजेताओं की यात्रा यहीं समाप्त नहीं होगी तथा और अधिक उपलब्धियां हासिल होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज, उन्हें निखारने की प्रक्रिया जारी रखनी चाहिए और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में सक्षम बनाना चाहिए। इसलिए मैं सभी खिलाड़ियों से आग्रह करता हूं कि वे ऐसे पांच खिलाड़ियों को निखारने और ट्रेनिंग देने की शपथ लें जो भविष्य में भारत के लिए पदक जीत सकते हैं। ’’
समारोह में खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी, युवा मामलों की सचिव उषा शर्मा और मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के विजेताओं की सूची इस प्रकार है:
खेल रत्न पुरस्कार: रोहित शर्मा (क्रिकेट), मरियप्पन थंगावेलु (पैरा एथलेटिक्स), मनिका बत्रा (टेबल टेनिस), विनेश फोगाट (कुश्ती), रानी रामपाल (हॉकी)।
अर्जुन पुरस्कार: अतनु दास (तीरंदाजी), दुती चंद (एथलेटिक्स), सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन), चिराग शेट्टी (बैडमिंटन), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी), लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), इशांत शर्मा (क्रिकेट), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), सावंत अजय अनंत (घुड़सवारी), संदेश झिंगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीपिका (हॉकी), दीपक (कबड्डी), काले सारिका सुधाकर (खो खो)), दत्तू बबन भोकानल (रोइंग), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), मधुरिका पाटकर (टेबल टेनिस), दिविज शरण (टेनिस), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), दिव्या काकरान (कुश्ती), राहुल अवारे (कुश्ती), सुयश नारायण जाधव (पैरा तैराकी), संदीप (पैरा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाजी)।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY