देश की खबरें | केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे

कोट्टायम (केरल), सात सितंबर केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर विपक्षी यूडीएफ और सत्तारूढ़ एलडीएफ गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है।

उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।

दक्षिण केरल के कोट्टायम जिले में स्थित पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में बीते कुछ सप्ताह में जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली थी क्योंकि पांच सितंबर को हुआ चुनाव राज्य में सत्तारूढ़ और विपक्षी मोर्चों के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना सुबह आठ बजे यहां बेसलियस कॉलेज में विशेष मतगणना केंद्र में शुरू होगी।

आयोग ने कहा कि डाक और सर्विस मतपत्रों की गिनती पहले की जाएगी।

पुथुपल्ली में बूथों की कुल संख्या 182 थी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में मतों की गिनती 13 चरणों में की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को कुल 1,76,412 पंजीकृत मतदाताओं में से 72.86 प्रतिशत ने मतदान किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)