प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को सूरत के काकरापार परमाणु बिजलीघर में दो रिएक्टर राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को सूरत जिले के काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन में कुल 1,400 मेगावाट की क्षमता वाले दो नए दबावयुक्त भारी जल रिएक्टर (पीएचडब्ल्यूआर) राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
सूरत, 22 फरवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) बृहस्पतिवार को सूरत जिले के काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन में कुल 1,400 मेगावाट की क्षमता वाले दो नए दबावयुक्त भारी जल रिएक्टर (पीएचडब्ल्यूआर) राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके साथ ही वह गुजरात की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करेंगे. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन (केएपीएस) में दो नयी इकाइयां राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
इसमें कहा गया कि भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) द्वारा 22,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित केएपीएस-3 और केएपीएस-4 परियोजनाओं की संचयी क्षमता 1400 मेगावाट है तथा ये सबसे बड़े स्वदेशी पीएचडब्ल्यूआर हैं. बयान में कहा गया, ‘‘ये अपनी तरह के पहले रिएक्टर हैं जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ रिएक्टर की तुलना में उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से युक्त हैं. ये दोनों रिएक्टर प्रति वर्ष लगभग 10.4 अरब यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन करेंगे और गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन और दीव जैसे कई राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के उपभोक्ताओं को लाभान्वित करेंगे.’’ यह भी पढ़ें : ‘PDA’ भाजपा नीत राजग को हराएगा, अस्सी हराओ भाजपा हटाओ: अखिलेश यादव
राज्य सरकार ने एक अलग बयान में कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों द्वारा डिजाइन किए गए बिजली संयंत्र स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करके गुजरात को शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद करेंगे. एनपीसीआईएल ने एक विज्ञप्ति में कहा कि देश के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों ने अब तक लगभग 870 अरब यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन किया है, जिससे लगभग 74.8 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड के समान उत्सर्जन की कमी हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2024 10:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

