नयी दिल्ली, 13 फरवरी केरल में विदेशी पर्यटकों की संख्या कोविड महामारी से पूर्व के स्तर पर अभी नहीं पहुंची है, लेकिन राज्य पर्यटन विभाग इसके लिए प्रयासरत है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कई समुद्र तटों, हरे-भरे चाय बागानों, सुंदर ‘बैकवाटर्स’ तथा स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत से संपन्न यह दक्षिणी राज्य विदेशी पर्यटकों का पारंपरिक रूप से पसंदीदा स्थानों में से एक रहा है।
केरल पर्यटन विभाग की निदेशक शिखा सुरेन्द्रन ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि दक्षिणी राज्य में घरेलू पर्यटकों के आगमन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
केरल पर्यटन विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, केरल में ‘‘घरेलू पर्यटकों के आगमन में वृद्धि हुई है और यह महामारी (2022) से पहले राज्य में आए लोगों की संख्या से अधिक है। वहीं, 2023 में घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई।’’
केरल पर्यटन विभाग के अनुसार, ‘‘2024 में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि जारी रही और 2024 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में देश भर से कुल 1,08,57,181 पर्यटक आए।’’
संवाददाताओं से बातचीत के दौरान जब सुरेंद्रन से पूछा गया कि क्या राज्य में पर्यटकों की संख्या महामारी से पूर्व के स्तर पर पहुंच गई है, इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, अभी तक नहीं।’’
सुरेंद्रन ने कहा, ‘‘लेकिन, हम इस आंकड़े को हासिल करने लिए प्रयासरत हैं।’’
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, केरल में 2019 में 11.89 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि वर्ष 2023 में यह आंकड़ा लगभग 6.49 लाख था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2024 की पहली छमाही में लगभग 3.58 लाख विदेशी पर्यटक आए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY