बेंगलुरु, छह मार्च कर्नाटक में लोकायुक्त के जांच दलों ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बृहस्पतिवार को आठ सरकारी अधिकारियों से संबंधित परिसरों पर छापे मारे।
छापेमारी में 36.53 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला, जिसमें 26.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, 3.73 करोड़ रुपये के आभूषण और 3.08 करोड़ रुपये के वाहन आदि शामिल हैं।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु, कोलार, तुमकुरु, कलबुर्गी, विजयपुरा, दावणगेरे और बागलकोट जिलों में आरोपी अधिकारियों से संबंधित 40 परिसरों की तलाशी ली गयी।
जिन अधिकारियों के यहां छापेमारी की गई उनमें बेंगलुरु में कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग में ‘ग्रुप ए’ के तहत मुख्य अभियंता टी डी नंजुंदप्पा, बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका में गुणवत्ता नियंत्रण एवं गुणवत्ता आश्वासन, राजमार्ग इंजीनियरिंग ‘ग्रेड-1’ के कार्यकारी अभियंता एच. बी. कल्लेशप्पा, कोलार में सहायक कार्यकारी अभियंता जी नागराज, कलबुर्गी में परियोजना कार्यान्वयन इकाई के जगन्नाथ, दावणगेरे में स्वास्थ्य विभाग में खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता इकाई के जिला सांख्यिकी अधिकारी जी. एस. नागराजू शामिल हैं।
नंजुंदप्पा के पास 8.46 करोड़ रुपये की संपत्ति पायी गयी है, जिसमें 7.47 करोड़ रुपये मूल्य के नौ भूखंड, मकान और कृषि भूमि शामिल हैं।
कल्लेशप्पा के पास 6.5 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली, जिसमें दो भूखंड, तीन मकान और कृषि भूमि शामिल हैं।
नागराज के पास 2.19 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जगन्नाथ के पास 4.55 करोड़ रुपये, नागराज जे एस के पास 6.14 करोड़ रुपये, जगदीश के पास 3.11 करोड़ रुपये, दुर्गद के पास 1.92 करोड़ रुपये और केंबावी के पास 3.64 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY