चेन्नई, सात मई तमिलनाडु में कथित तौर पर बॉक्स ऑफिस पर खराब कमाई और विरोध के बीच राज्य के सिनेमाघरों ने 'द केरला स्टोरी' का प्रदर्शन सात मई से रोक दिया है।
तमिलनाडु थिएटर एंड मल्टीप्लेक्स ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एम सुब्रमण्यम ने इस खबर की पुष्टि की कि जिन कुछ मल्टीप्लेक्स ने फिल्म दिखाई, उन्होंने इसे अब न दिखाने का फैसला किया है।
सुब्रमण्यम ने कहा, "फिल्म को अखिल भारतीय समूहों, ज्यादातर पीवीआर के स्वामित्व वाले कुछ मल्टीप्लेक्स में ही दिखाया गया। स्थानीय स्वामित्व वाले मल्टीप्लेक्स ने पहले ही फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया था, क्योंकि इसमें कोई लोकप्रिय कलाकार नहीं थे।’’
छह अप्रैल को ‘नाम तमिलर कात्ची’ (एनटीके) ने चेन्नई में फिल्म रिलीज होने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच, केरल में वितरक ई4 एंटरटेनमेंट के अनुसार, राज्य भर में 22 स्क्रीन पर ही फिल्म दिखाई जा रही है। हालांकि केरल में थिएटर मालिकों ने फिल्म के रिलीज होने से पहले पीटीआई से कहा था कि वे प्रतिकूल प्रचार को लेकर चिंतित नहीं हैं, लेकिन रिलीज के दिन पांच मई को कोच्चि में लुलु मॉल और ओबेरॉन में पीवीआर सिनेमा सहित कुछ थिएटर ने फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं करने का फैसला किया।
संपर्क करने पर पीवीआर सिनेमा के एक प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY