देश की खबरें | पहलवानों के आरोपों की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में हो : दीपेंद्र हुड्डा

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार को कहा कि पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में होनी चाहिए ताकि यह पता किया जा सके कि आरोपी को कौन बचा रहा था।

उन्होंने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पीटी ऊषा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह धरना दे रहे पहलवानों को न्याय दिलाने में विफल रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने दिल्ली में जंतर मंतर पहुंचकर धरना दे रहे पहलवानों के प्रति एकजुटता प्रकट की।

उन्होंने ट्वीट किया, "यह महज कुछ खिलाड़ियों के आत्मसम्मान का प्रश्न नहीं है। दिल्ली की सड़कों पर राष्ट्र का स्वाभिमान क्षतिग्रस्त हो रहा है। एक लोकतांत्रिक राष्ट्र में आख़िर ऐसा क्यों हो रहा है कि जवान से लेकर किसान को, नौजवान से लेकर पहलवान को सड़क पर आकर न्याय की भीख माँगनी पड़ रही है?"

हुड्डा का कहना था कि इस पूरे प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में होनी चाहिए ताकि यह पता किया जा सके कि आरोपी को कौन बचा रहा था।

उन्होंने यह भी कहा कि पहलवानों को न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)