आरजी कर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की घटना समाज के लिए शर्म की बात: सी.वी. आनंद बोस
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की घटना नागरिक समाज के लिए शर्म की बात है.
कोलकाता/दिल्ली, 15 अगस्त : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की घटना नागरिक समाज के लिए शर्म की बात है. अज्ञात बदमाशों ने उस अस्पताल के एक हिस्से में तोड़फोड़ की, जहां पिछले सप्ताह एक महिला डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या की घटना हुई थी. बोस ने बृहस्पतिवार दोपहर को स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने वहां प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से बात की और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.
बोस ने अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल हुई तोड़फोड़ की घटना सभ्य समाज के लिए शर्म की बात है. यह पूरी मानवता के लिए शर्म की बात है कि युवतियां सुरक्षित नहीं हैं. इस खून-खराबे को अब और नहीं चलने दिया जाएगा. इसे अवश्य ही रोका जाना चाहिए.’’ उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा, ‘‘मैं आपके साथ हूं और हम इस समस्या को सुलझाने के लिए मिलकर काम करेंगे. मैं आपको न्याय का आश्वासन देता हूं. मेरे कान और आंखें खुली हैं.’’ राज्यपाल ने उस आपातकालीन विभाग का भी निरीक्षण किया, जिसमें तोड़फोड़ की गई थी. यह भी पढ़ें : स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब और हरियाणा में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला
वहीं, नयी दिल्ली में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की नेता एनी राजा ने भी अस्पताल में भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ की निंदा की. राजा ने इस बात पर अफसोस जताया कि ऐसी घटनाओं के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती.भारतीय राष्ट्रीय महिला महासंघ (एनएफआईडब्ल्यू) की महासचिव एनी राजा ने पीटीआई- से कहा, "हम रात भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ की निंदा करते हैं. इसे किसे रोकना चाहिए था? कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है? यह (जिम्मेदारी) राज्य सरकार की है."
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2024 04:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

