देश की खबरें | हरियाणा में एक नाबालिग लड़की का अधजला शव मिला

कैथल, नौ अक्टूबर हरियाणा के कैथल में शनिवार को लापता हो गयी सात साल की एक लड़की का अधजला शव रविवार को निकट के एक वनक्षेत्र में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि एक मजदूर की बेटी यह लड़की शनिवार को शौच के लिए घर से बाहर गयी थी जिसके बाद वह लापता हो गयी थी।

उसके परिवार के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने शनिवार शाम को पूरे कुराद गांव में उसे ढ़ूढा लेकिन जब वह नहीं मिली तब उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस के अनुसार उसने गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजना शुरू किया और उसे नजदीक के एक वन क्षेत्र में लड़की का अधजला शव मिला।

उसके मुताबिक नजदीक के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर पुलिस ने पाया कि 18 वर्षीय पवन उस लड़की से बातचीत कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक सज्जन कुमार ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसका विसरा परीक्षण के लिए मधुबन अपराध विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाये रखने की अपील की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)