देश की खबरें | रबी फसलों की एमएसपी बढ़ाने के फैसले से किसानों की आय बढ़ेगी, वे और समृद्ध होंगे: शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि छह रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से किसानों की आय बढ़ेगी तथा वे और समृद्ध होंगे।
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि छह रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से किसानों की आय बढ़ेगी तथा वे और समृद्ध होंगे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि रेपसीड और सरसों के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल तथा मसूर के लिए 275 रुपये प्रति क्विंटल की घोषणा की है। इनके अलावा, चना, गेहूं, कुसुम और जौ के लिए क्रमश: 210 रुपये प्रति क्विंटल, 150 रुपये प्रति क्विंटल, 140 रुपये प्रति क्विंटल और 130 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘किसान कल्याण के प्रति समर्पित (नरेन्द्र) मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने आज 2025-26 सीजन के लिए रबी फसलों के एमसपी में वृद्धि को मंजूरी दी। रेपसीड और सरसों के एमएसपी में 300 रुपये प्रति क्विंटल की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जबकि मसूर की एमएसपी में भी 275 रुपये प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ बढ़ी हुई एमएसपी से किसानों की आय में वृद्धि होगी और हमारे किसान और भी समृद्ध बनेंगे। किसानों की हर चिंता का ख्याल रखने के लिए मोदी जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूं।’’
शाह ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) की अतिरिक्त किस्त को मंजूरी दिए जाने के लिए भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘त्योहारों के समय केंद्रीय कर्मचारियों को उपहार देते हुए मोदी जी के नेतृत्व में आज मंत्रिमंडल ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनर्स को महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि की है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस निर्णय से केंद्र सरकार के 49.18 लाख कर्मचारियों और 64.89 लाख पेंशनधारियों को लाभ मिलेगा। इस विशेष सौगात के लिए मोदी जी का बहुत-बहुत आभार।’’
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) की अतिरिक्त किस्त को मंजूरी दे दी है। यह वृद्धि 01 जुलाई, 2024 से प्रभावी होगी, जो मूल वेतन या पेंशन के 50 प्रतिशत की मौजूदा दर से तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है, ताकि बढ़ती महंगाई से राहत प्रदान की जा सके।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल की ओर से गंगा नदी पर एक नए रेल-सह-सड़क सेतु सहित वाराणसी-पं.दीन दयाल उपाध्याय मल्टीट्रैकिंग के निर्माण को मंजूरी दिए जाने पर खुशी जताते हुए शाह ने कहा कि इस परियोजना के तहत रेलवे नेटवर्क का 30 किमी विस्तार होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में कनेक्टिविटी को निरंतर बढ़ावा देने के लिए मोदी जी का आभार।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2024 08:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

