जरुरी जानकारी | वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देश की जीडीपी वृद्धि दर ऐतिहासिक : गोयल

नयी दिल्ली, एक जून वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए भारत की 2022-23 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भारत अगले 25 साल में विकसित राष्ट्र के तौर पर उभरेगा।

अमेरिकी ब्रोकरेज कंपनी मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि यह भारत की उभरती वैश्विक छवि और तेज आर्थिक वृद्धि को दिखाता है।

निवेश बैंकिंग कंपनी मॉर्गन स्टेनली ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत बदल गया है और दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। साथ ही एशियाई और वैश्विक वृद्धि के लिए प्रमुख केंद्र बन रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2030 में जब देश का माल एवं सेवा निर्यात दो लाख करोड़ डॉलर के आंकड़े को पार कर जाएगा तब लोगों और व्यवसायों के लिए भारी अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में देश का निर्यात 500 अरब डॉलर से बढ़कर 2022-23 में 767 अरब डॉलर हो गया है।

भारत 3.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था है और 2047 तक कम से कम 35 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोचिए कि उस समय यह देश के लोगों के लिए कितने अवसर खोलेगा।

गोयल ने कहा कि 2030 तक हम भारत से दो लाख करोड़ रुपये का निर्यात देखेंगे तब सोचिए कि देश कितने अवसर पैदा करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)