देश की खबरें | पानीपत से अपहृत बच्चे का शव जींद में रेल पटरी के किनारे झाड़ियों में मिला

जींद (हरियाणा), आठ जुलाई पानीपत से चार दिन पहले अपहृत किए गए पांच माह के बच्चे का क्षत-विक्षत शव जींद जिले के श्योराण कालोनी में रेल पटरी के किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई, रोहतक भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि बच्चे के पिता की शिकायत पर पानीपत सेक्टर 29 थाने की पुलिस ने दादी तथा उसके कथित पुरुष मित्र के खिलाफ अपहरण, हत्या, शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि पानीपत निवासी कैलाश ने गत चार जुलाई को पुलिस को तहरीर दी थी कि गांव बिरौली निवासी चंद्रगुप्त ने उसके पांच माह के बेटे का अपहरण कर लिया है और अपराध में उसकी मां कृष्णा ने भी सहयोग किया है।

घटना के समय बच्चा दादी के पास था और माता-पिता किसी काम से बाहर गए थे।

पानीपत पुलिस ने बताया कि चंद्रगुप्त को पकड़ लिया गया है और उसने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि चंद्रगुप्त मृतक की दादी कृष्णा के साथ ‘‘लिव इन रिलेशन’’ में रहता था और दोनों के बीच कहासुनी होने पर उसने घटना को अंजाम दिया।

रेलवे थाना प्रभारी दलबीर ने बताया कि बालक का शव पानीपत पुलिस के हवाले कर दिया गया है। शव अधिक क्षत-विक्षत होने की वजह से पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई, रोहतक भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)