नयी दिल्ली, 20 फरवरी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित दिल्ली सरकार ने शहर के विकास के लिए अथक प्रयास करने तथा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लोगों से किये गये सभी वादों को पूरा करने का संकल्प जताया।
दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में गुप्ता के शपथ ग्रहण के बाद, उन्होंने और उनके मंत्रिमंडल के छह सहयोगियों ने बृहस्पतिवार शाम वासुदेव घाट पर यमुना आरती की।
आरती करने के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार दिन-रात काम करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम एक बात स्पष्ट कर देना चाहते हैं - यह सरकार आराम करने या बहाने बनाने के लिए नहीं है। हम यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को पूरा करने और दिल्ली के लोगों के लिए काम करने के लिए हैं।’’
दिल्ली सचिवालय में कार्यभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, ‘‘विकसित दिल्ली के हमारे मिशन को साकार करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं किया जाएगा। हम दिल्ली के लोगों से की गई सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे।’’
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना की सफाई और इसके अविरल प्रवाह को बहाल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम मां यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाना चाहते हैं। यह भाजपा की प्रतिबद्धता की शुरुआत है।’’
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यमुना को साफ करने के प्रयास कई दिन पहले शुरू हो गए थे और अब इसमें तेजी आएगी।
नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले एक अन्य मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘‘हमने न केवल यमुना को साफ करने की प्रतिबद्धता जताई है, बल्कि अपने सभी वादों को पूरा करने का भी संकल्प लिया है।’’
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि प्रशासन दिल्ली के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प है।
एक अन्य मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, ‘‘मां यमुना के आशीर्वाद से हम अपने सपने को साकार करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY