विदेश की खबरें | बाइडन दंपत्ति ने 6,10,702 अमेरिकी डॉलर की कमाई की, 24.6 प्रतिशत हिस्सा कर भुगतान किया

दंपत्ति ने 2020 में भी लगभग इतने ही डॉलर की कमाई की थी। उस साल उन्होंने 607,336 डॉलर कमाए थे और संघीय आयकर के तौर पर इसका 25.9 प्रतिशत हिस्सा भुगतान किया था।

अमेरिका की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार 2020 में मध्यम वर्गीय परिवार की आमदनी 67,521 डॉलर थी।

बाइडन ने लगातार दूसरे साल व्हाइट हाउस से किये गए कर के भुगतान के बारे में जानकारी साझा की है। ऐसा कर उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा कर के संबंध में जानकारी देने की परंपरा को पुनर्स्थापित किया है क्योंकि बाइडन से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति रहे डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।

हालांकि, 2019 की तुलना में इस साल और पिछले साल बाइडन दंपत्ति की कमाई में भारी गिरावट आई है। 2019 में उन्होंने अपनी किताबों की बिक्री, भाषणों और अध्यापन के जरिये लगभग 10 लाख डॉलर की कमाई की थी।

अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन वर्जीनिया में पढ़ाती है। आंकड़ों में राष्ट्रपति के तौर पर बाइडन की कमाई 378,333 अमेरिकी डॉलर बताई गई है। जबकि उनकी पत्नी ने अध्यापन के जरिये 67,116 अमेरिकी डॉलर की कमाई की।

दंपत्ति ने साल 2021 में 10 अलग अलग चैरिटी में 17,394 अमेरिकी डॉलर दान किये। इनमें सबसे अधिक 5,000 डॉलर ब्यू बाइडन फाउंडेशन को दिये गए। यह गैर-लाभकारी फाउंडेशन बाल उत्पीड़न के खिलाफ काम करती है। इसका नाम राष्ट्रपति जो बाइडन के बेटे ब्यू के नाम पर रखा गया है, जिनका साल 2015 में 46 साल की आयु में कैंसर के कारण निधन हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)