नयी दिल्ली, 14 जुलाई नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि देश के नागर विमानन क्षेत्र में इस समय वृद्धि का दौर शुरू है और यह एक आर्थिक शक्ति के रूप में देश के उदय में योगदान दे रहा है।
सिंधिया ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर चौथी हवाई पट्टी और ईस्टर्न क्रॉस टैक्सीवे (ईसीटी) के उद्घाटन के मौके पर कहा कि मौजूदा समय देश में नागर विमानन क्षेत्र के वृद्धि के दौर की शुरुआत का है।
उन्होंने कहा, "भारत ने ऊंचे मुकाम पर पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इसमें नागर विमानन क्षेत्र भी भारत की आर्थिक शक्ति के उत्थान में अपना योगदान दे रहा है।"
नागर विमानन मंत्री ने पिछले कुछ महीनों में देश की कुछ एयरलाइंस की तरफ से विमान विनिर्माता कंपनियों एयरबस और बोइंग को दिए गए बड़े ऑर्डर का जिक्र करते हुए कहा कि घरेलू विमानन कंपनियों के पास उपलब्ध विमानों की संख्या 1,500 तक पहुंच जाएगी जबकि फिलहाल इनकी संख्या 720 है।
इसके साथ ही सिंधिया ने कहा कि उन्होंने दिल्ली हवाईअड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डीआईएएल से अक्टूबर तक चौथा टर्मिनल भी शुरू करने को कहा है।
इस मौके पर डीआईएएल की मूल कंपनी जीएमआर के चेयरमैन जी एम राव ने कहा कि ईसीटी और चौथी हवाई पट्टी शुरू होने से दिल्ली हवाईअड्डे की परिचालन दक्षता और क्षमता बढ़ जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY