ताजा खबरें | राज्यसभा की दर्शक दीर्घा खचाखच भरी रही महिलाओं से : सभापति धनखड़ ने की सराहना

नयी दिल्ली, 20 सितंबर राज्यसभा में बुधवार को दर्शक दीर्घा महिलाओं एवं लड़कियों से भरी रही और सभापति जगदीप धनखड़ ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि वह महिला शक्ति को सलाम करते हैं।

‘भारत की गौरवशाली अंतरिक्ष यात्रा चंद्रयान-3’ की सफल सॉफ्ट लैंडिंग’ विषय पर उच्च सदन में चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बोल रही थीं तो उन्हें बीच में रोकते हुए सभापति धनखड़ ने सदन का ध्यान दर्शक दीर्घा की ओर दिलाया।

सभापति ने कहा, ‘‘माननीय सदस्यों, क्या नजारा है। दर्शक दीर्घा की ओर देखिए।’’ उनके इस ओर ध्यान दिलाये जाने और दर्शक दीर्घा में महिलाओं और लड़कियों के बड़ी संख्या में बैठे होने पर सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया।

इसके उपरांत सभापति ने समाजवादी पार्टी की जया बच्चन का नाम लेते हुए उन्हें दर्शक दीर्घा की तरफ देखने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी महिलाएं हैं और आप उनके लिए आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि यह भी ऐसे समय हो रहा है जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण खड़े होकर सदन को संबोधित कर रही हैं।

धनखड़ ने कहा, ‘‘यह (बैठक के) शुरू से हो रहा है और यह लगातार चलता ही जा रहा है, यह अकल्पनीय है। भव्य है...मैं इस (महिला) शक्ति को सलाम करता हूं।’’

उन्होंने कहा कि इस शक्ति को भारत में उन्मुक्त किया गया है ताकि बदलाव लाया जा सके।

इससे पहले चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए अंतरिक्ष विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेन्द्र सिंह ने दर्शक दीर्घा में बैठे, चंद्रयान-3 के परियोजना निदेशक पी वीरमुथुवेल की ओर सभी सदस्यों का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने प्रसिद्ध वैज्ञानिक से अनुरोध किया कि वह दर्शक दीर्घा में अपने स्थान पर खड़े हो जाएं ताकि सदस्य उन्हें देख सकें।

इस पर सदस्यों ने मेजें थपथपा कर वरिष्ठ वैज्ञानिक का स्वागत किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)