देश की खबरें | पंजाब में महिला पत्रकार की गिरफ्तारी चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है : हरदीप पुरी

नयी दिल्ली, छह मई केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा एक टीवी समाचार चैनल की महिला पत्रकार को हिरासत में लेना देश में लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए ‘‘एक नया निचला स्तर’’ है तथा उन्होंने सभी से ‘‘कड़े शब्दों में’’ इसकी निंदा करने को कहा।

पुरी ने कहा कि ‘टाइम्स नाऊ’ की महिला रिपोर्टर भावना किशोर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई ‘‘चौथे स्तंभ पर सीधा हमला’’ है।

पुरी ने कहा, ‘‘पंजाब पुलिस द्वारा टाइम्स नाऊ की पत्रकार की गिरफ्तारी देश में लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए नया निचला स्तर और चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। स्वतंत्र प्रेस पर यह हमला और एक युवा मीडियाकर्मी के खिलाफ मनमानी कार्रवाई की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।’’

पत्रकार को हिरासत में लिए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए एडीटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।

पंजाब में एक कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करने गयी किशोर पर एक सड़क दुर्घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

गिल्ड ने एक बयान में कहा कि पुलिसकर्मी उन्हें महिला कर्मियों के बिना एक कार से ले गए जो कि स्थापित प्रक्रियाओं के खिलाफ है।

उसने कहा कि ऐसा लगता है कि लुधियाना पुलिस थाने में रिपोर्टर के खिलाफ प्राथमिकी ‘‘अत्यधिक और अनुचित जल्दबाजी’’ में दर्ज की गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)