नोएडा (उप्र), 16 जुलाई दिल्ली से सटे नोएडा में एक महिला की हत्या के मामले में फरार दो लोगों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
सूरजपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 14 जून को कस्बा सूरजपुर निवासी महिला पुष्पा की उसके पति लाल सिंह तथा उसके रिश्तेदार मनोज और राकेश ने मिलकर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि मामले में फरार मनोज और राकेश को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। लाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना प्रभारी ने एक मामले का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में कस्बा सूरजपुर से एक बंदूक लूटने के मामले में फरार बदमाश सतीश को भी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अमित नामक एक अन्य युवक को मादक पदार्थ रखने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसके पास से 4 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है।
जेवर के थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि सात जुलाई को विजयपाल नामक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नोएडा के गांव गोपालगढ़ निवासी राकेश तथा उसके परिजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी पूजा की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में शनिवार को राकेश को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY