देश की खबरें | ठाकुर ने ओलंपिक तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की

नयी दिल्ली, 12 जुलाई खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद  सोमवार को अपनी पहली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें उन्होंने आगामी तोक्यो ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों का जायजा लिया।

इस उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उनके साथ खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक और खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) तथा भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अधिकारी भी शामिल हुए।

इस समिति की यह सातवीं बैठक थी लेकिन पिछले सप्ताह खेल मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद ठाकुर और प्रमाणिक के लिए यह पहली बैठक है।

ठाकुर पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंत्रिपरिषद में फेरबदल किये जाने के बाद किरेन रीजीजू की जगह खेल मंत्री बने हैं।

बंगाल से पहली बार सांसद चुने गए 35 वर्षीय प्रमाणिक को ठाकुर के अधीन युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया हैं। ठाकुर कैबिनेट मंत्री हैं।

ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान ओलंपिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों के लिए विश्व स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं के प्रावधान सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी।

बैठक से जुड़े एक आधिकारिक सूत्र ने पीटीआई- से कहा, ‘‘यह उच्च स्तरीय समिति की एक सामान्य समीक्षा बैठक थी जो लंबे समय से चल रही है। इन बैठकों में हम ओलंपिक के लिए भारतीय खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लेते हैं। हमारा मकसद यह देखना है कि सब कुछ सही तरीके से चल रहा है या कुछ लंबित मामले भी है जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)