देश की खबरें | मंदिर उत्सव भगदड़: जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का तबादला

पणजी, तीन मई गोवा के एक मंदिर में उत्सव के दौरान भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मौत के कुछ घंटे बाद राज्य सरकार ने उत्तरी गोवा की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित पांच वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश दिया।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने संवादाताओं से कहा, ‘‘स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने जिलाधिकारी स्नेहा गिट्टे, पुलिस अधीक्षक (उत्तर) अक्षत कौशल, पुलिस उपाधीक्षक (बिचोलिम) जिवबा दलवी, उप जिलाधिकारी (बिचोलिम) भीमनाथ खोरजूवेकर और पुलिस निरीक्षक दिनेश गाडेकर का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।’’

सावंत ने पणजी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के राजस्व सचिव संदीप जैक्स की अध्यक्षता में एक तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वरमा शर्मा, राज्य परिवहन निदेशक परिमल अभिषेक और दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक टीकम सिंह वर्मा शामिल हैं।

सावंत ने बताया कि समिति शिरगाओ गांव में भगदड़ स्थल का दौरा करेगी और पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों सहित सभी संबंधित व्यक्तियों से बातचीत करने के बाद एक रिपोर्ट तैयार करेगी।

समिति रविवार सुबह तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

सावंत ने बताया कि इस घटना में अब तक छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है।

सावंत ने बताया कि घायलों में से पांच वेंटिलेटर पर हैं जबकि आठ लोगों का उत्तरी गोवा जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रीति पवनेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)