हैदराबाद, 19 जून तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के शासन के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री एवं पार्टी प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने सोमवार को भरोसा जताया कि राज्य में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी राज्य की सत्ता में बरकरार रहेगी।
राव ने राज्य के स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित 'हरितोत्सवम' के मौके पर यहां एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य में बीआरएस के फिर से सत्ता में आने पर कोई संदेह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यहां के तुम्मालुरू में 'हरितोत्सवम' समारोह के तहत एक पौधा लगाया और कहा कि राज्य सरकार के हरित अभियान 'हरिता हरम' के कार्यान्वयन के साथ तेलंगाना में हरियाली में लगभग 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना में, हम पहले ही 276 करोड़ पौधे लगा चुके हैं। इसलिए हम जहां भी देखते हैं वहां हरियाली दिखाई देती है। हम इतने उन्नत हैं कि हर गांव में एक नर्सरी है, हर गांव में एक 'पल्ले प्रकृति वनम' है जिसमें बच्चों के लिए ओपन जिम है।’’
उन्होंने कहा कि हरियाली में बढ़ोतरी एक सामूहिक प्रयास है।
केसीआर ने यह भी कहा कि उन्होंने राज्य की मुख्य सचिव (ए शांति कुमारी) से हरित अभियान के तहत इस साल से लोगों को फलदार पौधे मुफ्त में वितरित करने के लिए कहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पलामुरु लिफ्ट सिंचाई परियोजना में कांग्रेस के नेताओं के चलते देरी हुई क्योंकि उन्होंने उच्चतम न्यायालय का रुख किया और (कार्यों पर) एक स्थगन हासिल किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इब्राहिमपटनम, महेश्वरम और विकराबाद विधानसभा क्षेत्रों को जल्द ही पानी मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अलग राज्य के लिए आंदोलन के दौरान तेलंगाना का यह कहते हुए उपहास करने वाले अब सातवें स्थान पर हैं कि उसे खेती करनी नहीं आती, जबकि तेलंगाना अब देश में शीर्ष पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रति व्यक्ति बिजली उपयोग, प्रति व्यक्ति आय, धान उत्पादन, चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति और अन्य सूचकांकों में तेलंगाना देश में नंबर एक पर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY