देश की खबरें | तेलंगाना: भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेता करेंगे राज्य का दौरा

हैदराबाद, 20 अगस्त अगले कुछ महीनों में प्रस्तावित तेलंगाना विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जैसे शीर्ष नेताओं के इस महीने राज्य का दौरा करने की उम्मीद है।

भाजपा सूत्रों ने रविवार को बताया कि शाह के 27 अगस्त को खम्मम में एक जनसभा को संबोधित करने की संभावना है।

केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने 18 अगस्त को खम्मम में उस मैदान का मुआयना किया, जहां शाह द्वारा जनसभा को संबोधित करने की संभावना है।

शाह को जून में खम्मम में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन तब पश्चिमी तट पर चक्रवात आने के चलते इसे टाल दिया गया था।

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता महेश कोनागाला ने बताया कि खरगे यहां निकट के चेवेल्ला में 26 अगस्त को एक जनसभा में पार्टी का ‘एससी, एसटी घोषणापत्र’ जारी करेंगे।

कांग्रेस विधायक दल के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क और राज्य से पार्टी के अन्य एससी, एसटी (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदायों के) नेताओं ने ‘एससी, एसटी घोषणापत्र’ और अन्य मुद्दों पर दिल्ली में रविवार को खरगे के साथ एक बैठक की।

‘एससी, एसटी घोषणापत्र’ कांग्रेस द्वारा घोषित किया जाने वाला तीसरा बड़ा घोषणापत्र होगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले साल वारंगल में एक जनसभा में ‘किसान घोषणापत्र’ का ऐलान किया था, जबकि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस साल मई में हैदराबाद में एक ‘युवा घोषणापत्र’ जारी किया था।

तेलंगाना में कांग्रेस, पार्टी की शीर्ष नेता सोनिया गांधी को सितंबर में आमंत्रित करने की भी योजना बना रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)