देश की खबरें | तेलंगाना सरकार हिंसा प्रभावित मणिपुर से अपने विद्यार्थियों को वायु मार्ग से लाएगी

हैदराबाद, छह मई हिंसा प्रभावित मणिपुर में कानून-व्यवस्था के मौजूदा हालात के मद्देनजर तेलंगाना सरकार ने फैसला किया है कि वह शीघ्रता बरतते हुए अपने विद्यार्थियों और नागरिकों को रविवार को इंफाल से हैदराबाद विशेष विमान के जरिये लाएगी।

तेलंगाना सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्य में रह रहे प्रदेश (तेलंगाना) के विद्यार्थियों और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह सभी कदम उठा रही है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य में तेलंगाना के लोगों के हितों की रक्षा के लिए मणिपुर में स्थिति की निगरानी के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ खोला गया है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के लगभग 250 छात्र इंफाल और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ रहे हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘तेलंगाना सरकार ने अपने राज्य के विद्यार्थियों को तुरंत इंफाल से वायु मार्ग के जरिये हैदराबाद लाने का फैसला किया है। इस मकसद से सात मई को दोपहर में इंफाल से हैदराबाद के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)