मध्यप्रदेश: शिक्षक ने बेटी से किया बलात्कार, मां भी देती थी आरोपी का साथ, दोनों गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में 55 वर्षीय एक शिक्षक द्वारा अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर हाथ-पैर बांधकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है. मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में घटित इस घटना में इस शिक्षक की पत्नी भी कथित तौर आरोपी की मदद करती थी.
मुरैना/मध्यप्रदेश, 14 मई: मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के मुरैना जिले में 55 वर्षीय एक शिक्षक द्वारा अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर हाथ-पैर बांधकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है. मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में घटित इस घटना में इस शिक्षक की पत्नी भी कथित तौर आरोपी की मदद करती थी. पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है.
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस :एसडीओपी: अवनीश बंसल ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस घटना की प्राथमिक जांच में तथ्य सामने आने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक एवं उसकी पत्नी पर मामला दर्ज कर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने कहा कि बुधवार को पीड़िता एवं उसके आरोपी पिता दोनों की मेडिकल जांच भी करायी गयी है. बंसल ने बताया कि घर के बाहर किसी को पता न चले, इसलिये इस दंपति ने पीड़ित बेटी को घर में ही कैद कर दिया था.
यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस से कम प्रभावित हैं वनों के आसपास के जिले: मध्यप्रदेश वन विभाग की रिपोर्ट
उन्होंने कहा कि परेशान किशोरी ने अपनी विवाहिता बड़ी बहन को इस बारे में सोमवार को बताया, जिसके बाद बड़ी बहन ने इसकी शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन पर की. वहां से आये सदस्यों ने किशोरी को मंगलवार को कैद से छुड़ाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पति-पत्नी को हिरासत में लेकर गंभीर पूछताछ कर गिरफ्तार किया.
बंसल ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसका शिक्षक पिता उससे दो बार 26 मार्च एवं 10 अप्रैल को दुष्कर्म कर चुका है और दुष्कर्म करने से पहले उसके हाथ-पैर बांध दिये गए थे. शिकायत के अनुसार पीड़ित किशोरी की मां भी आरोपी की मदद करती थी और उसे घर में कैद कर रखते थे. उन्होंने कहा कि पीड़िता ने बताया कि दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी उसे नंगा कर देते थे और मारपीट करते थे.
उन्होंने कहा कि पीड़िता के शरीर पर काटने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं. इस बारे में मुरैना कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा, "शिक्षक द्वारा अपनी ही पुत्री के साथ दुष्कर्म किये जाने की घटना शर्मनाक है." उन्होंने कहा, "प्रशासन आरोपी पर कानूनी कार्रवाई करने में कोई ढिलाई नहीं बरतेगा. नियम के अनुसार शिक्षक को शीघ्र निलंबित किया जायेगा, क्योंकि उसने शिक्षक के पद की गरिमा के विरुद्ध कृत्य किया है."
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 11:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

