देश की खबरें | नौ घंटे की सड़क यात्रा के बाद विजयवाड़ा में सीआईडी कार्यालय पहुंचे तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू

विजयवाड़ा, नौ सितंबर तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के विपक्षी नेता एन. चंद्रबाबू नायडू शनिवार को नांदयाल से नौ घंटे की सड़क यात्रा के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे विजयवाड़ा के कुंचनपल्ली में स्थित सीआईडी कार्यालय पहुंचे।

नायडू को कौशल विकास निगम कथित घोटाले के सिलसिले में शनिवार को नांदयाल से गिरफ्तार किया गया है।

सीआईडी कार्यालय में आधिकारिक प्रक्रियाओं के बाद, नायडू को कुछ घंटे में अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है।

नायडू की यात्रा के दौरान तेदेपा समर्थकों ने कई स्थानों पर सड़कों पर जमा होकर नारे लगाए और काफिले का रास्ता रोकने की भी कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें हटा दिया।

आंध्र प्रदेश सीआईडी के प्रमुख संजय ने पत्रकारों से कहा, “हमने उन्हें (नायडू को) (विजयवाड़ा लाने के लिए) एक हेलिकॉप्टर की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया और वह सड़क मार्ग से यात्रा करना चाहते थे।”

उन्होंने कहा कि विभाग ने नायडू की उम्र और उनकी आधिकारिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए हर चीज का ख्याल रखा।

नायडू को ‘जेड-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

विजयवाड़ा के पुलिस आयुक्त के. रतन टाटा ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “हमने (सीआईडी कार्यालय), अदालत और अस्पताल के रास्ते में दो से तीन घेरों की सुरक्षा सहित विभिन्न इंतजाम किए हैं। हमने लगभग 600 पुलिस अधिकारियों तैनात किए हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)