नयी दिल्ली, नौ जनवरी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने तमिलनाडु में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में 70,800 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है।
टाटा पावर की इकाई टीपीआरईएल ने राज्य के नवीकरणीय ऊर्जा परिदृश्य के विकास का समर्थन करने और देश के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव में तेजी लाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ दो सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
एमओयू पर सोमवार को हस्ताक्षर किए गए। पहले एमओयू के तहत टीपीआरईएल अगले पांच से सात साल में सौर, पवन, हाइब्रिड (एक ही जगह पर सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाएं लगाना) जैसे क्षेत्रों में 10,000 मेगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को विकसित करने के अवसर तलाशेगी।
ये नवीकरणीय परियोजनाएं तमिलनाडु में 50,000 एकड़ भूमि पर स्थित होंगी। इनमें करीब 70,000 करोड़ रुपये की निवेश क्षमता होगी।
कंपनी ने कहा कि इस पहल में लगभग 3,000 हरित रोजगार के अवसर पैदा करने की क्षमता है।
दूसरा एमओयू तिरुनेलवेली जिले के गंगैकोंडन में दो चरणों में चार गीगावॉट सौर सेल और सौर मॉड्यूल संयंत्र स्थापित करने के लिए निवेश प्रतिबद्धता को 3,800 करोड़ रुपये तक बढ़ाने के लिए है। चार जुलाई, 2022 को कंपनी ने एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें निवेश 3,000 करोड़ रुपये आंका गया था। अब इसे बढ़ाकर 3,800 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY