चेन्नई,नौ दिसंबर केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को कहा कि तमिलनाडु सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए कि चेन्नई और आस-पास के इलाकों में तबाही मचाने वाले चक्रवात ‘मिगजॉम’ के बाद बाढ़ का पानी घटने में चार दिन क्यों लगे।
चंद्रशेखर ने कहा कि लंबे समय तक जलभराव रहने की भी जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जांच की जरूरत है क्योंकि जलस्तर में कमी आने में इस प्रकार की देरी तथा चार दिनों तक जलभराव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर, उनके घरों एवं इमारतों की ढांचागत मजबूती पर असर पड़ेगा, खासतौर पर गरीबों और निचले इलाकों में मकानों पर।’’
केंद्रीय उद्यमिता, कौशल विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कहा कि जांच जल्द शुरू की जानी चाहिए तथा इस संबंध में उन्होने केंद्र की सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चेन्नई के घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं और हर तरह से प्रत्येक नागरिक की मदद करने तथा इस संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार को जिस भी प्रकार की मदद की जरूरत है वह मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
उन्होंने मुदिचूर और वरदराजपुरम का निरीक्षण किया तथा राज्य सरकार के अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने देखा कि लोग ‘‘काफी परेशान’’ थे। इसके बाद, उन्होंने वेस्ट माम्बलम में बाढ़ प्रभावितों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यों का भी जायजा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY