देश की खबरें | तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू से भेंट की, अस्पताल के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की और उन्हें चेन्नई में अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल का पांच जून को उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया।

राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति मुर्मू और स्टालिन की मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट में कहा, ‘‘ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की।’’

मुख्यमंत्री स्टालिन चेन्नई में बने नए सरकारी अस्पताल के उद्घाटन को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित करने आए हैं।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, स्टालिन ने पूर्व मुख्यमंत्री एम करूणानिधि (1924-2018) के साल भर चलने वाले जन्म शताब्दी समारोह का उद्घाटन करने के लिए भी राष्ट्रपति को आमंत्रित किया।

इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति ने पांच जून 2023 को दोनों ही कार्यक्रमों में शामिल होने की सहमति प्रदान कर दी।

गौरतलब है कि तीन जून 2021 को करूणानिधि के 97वें जन्मदिन के अवसर पर स्टालिन ने चेन्नई में किंग इंस्टीट्यूट आफ प्रिवेंटिव मेडिसिन एंड रिसर्च परिसर में अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने की घोषणा की थी।

इस अस्पताल पर 230 करोड़ रूपये की लागत आई है। यह अस्पताल 51,429 वर्ग मीटर में फैला है । कुल 1000 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में भूतल एवं छह मंजिलें हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)