देश की खबरें | ताजपुरिया हत्याकांड: तिहाड़ जेल प्रशासन ने त्वरित प्रतिक्रिया दलों का गठन किया

नयी दिल्ली, छह मई गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या करने के मामले में जेल विभाग द्वारा तिहाड़ जेल के आठ कर्मियों को निलंबित किये जाने के एक दिन बाद अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दलों (क्यूआरटी) का गठन किया है।

जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ताजपुरिया की हत्या के समय सुरक्षाकर्मियों को आपात स्थिति में सूचित करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सायरन काम नहीं कर रहा था। उन्होंने कहा कि सायरन क्यों नहीं काम कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है।

अधिकारी ने कहा कि क्यूआरटी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कर्मियों के साथ दिल्ली जेल के कर्मचारी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इन दलों को अधिक खतरे वाले वार्ड में तैनात किया जायेगा ताकि समय पर प्रतिक्रिया दी जा सके और कैदियों के बीच कोई हाथापाई या लड़ाई होने पर स्थिति को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके।’’

गौरतलब है कि ताजपुरिया की कथित तौर पर प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह के चार सदस्यों- दीपक उर्फ तीतर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेश और रियाज खान ने मंगलवार की सुबह हत्या कर दी थी।

अधिकारी ने कहा कि चारों को मंडोली, तिहाड़ और रोहिणी की चार अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

जेल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा था कि उन्होंने एक विभागीय जांच की और इसके आधार पर आठ कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने तमिलनाडु विशेष पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की और वे अपने कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने पर भी सहमत हुए हैं।’’

तमिलनाडु विशेष पुलिस जेल परिसर में सुरक्षा उपलब्ध कराती है।

सोशल मीडिया पर तिहाड़ जेल का एक नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर दिखाया गया है कि गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर सुरक्षाकर्मियों के सामने उस वक्त भी हमला किया गया था, जब वे उसे चार कैदियों द्वारा चाकू मारने के बाद ले जा रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)