नयी दिल्ली, 28 सितंबर संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के विश्व धरोहर स्थलों में शामिल ताज महल 2021-22 में घरेलू पर्यटकों के लिए केंद्र द्वारा संरक्षित उन सबसे अधिक लोकप्रिय 10 स्थानों में शामिल रहा है जहां प्रवेश के लिए शुल्क लगता है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की एक नयी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी।
इस सूची में मुगलकालीन मकबरा ताजमहल पहले स्थान पर, वहीं यूनेस्को से मान्यता प्राप्त दिल्ली स्थित लाल किला और कुतुब मीनार क्रमश: दूसरे और तीसरे क्रम के सबसे अधिक लोकप्रिय स्थान चुने गये हैं।
‘इंडिया टूरिज्म स्टैटिस्टिक्स 2022’ शीर्षक वाली 280 पन्नों से अधिक की रिपोर्ट को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर यहां जारी किया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड-19 से जुड़े प्रतिबंधों के कारण भारत में 2021 में विदेशी पर्यटकों की आवक कम हो गयी। 2020 में देश में 27.40 लाख विदेशी सैलानी आये थे जिनकी संख्या पिछले साल कम होकर 15.20 लाख रह गयी। वर्ष 2020 की तुलना में 2021 में भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में 44.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के तहत आने वाले अनेक स्थानों पर सैलानियों के बारे में आंकड़े साझा करते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि 2021-22 में केंद्र द्वारा संरक्षित शुल्क वाले स्मारकों में घरेलू पर्यटकों के बीच ताज महल सबसे लोकप्रिय रहा।
वहीं, तमिलनाडु में ममल्लापुरम के स्मारकों को इसी अवधि में केंद्र द्वारा संरक्षित तथा प्रवेश शुल्क वाले स्मारकों में विदेशी पर्यटकों के बीच सबसे लोकप्रिय बताया गया और यहां 1.40 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे। इस सूची में ताज महल 38 हजार लोगों के आगमन के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
रिपोर्ट में दिये गये आंकड़ों के अनुसार 2021-22 में ताज महल का दीदार 32.90 लाख घरेलू पर्यटकों ने किया। लाल किला देखने 13.20 लाख और कुतुब मीनार के लिए 11.50 लाख विदेशी सैलानी पहुंचे। ताज महल देखने आने वाले घरेलू पर्यटकों की तादाद कुल पर्यटकों का 12.65 प्रतिशत रही।
इस रिपोर्ट के मुताबिक 2021-22 में घरेलू पर्यटकों की कुल संख्या 2,60,46,891 थी जबकि 2020-21 में यह तादाद 1,31,53,076 रही थी। 2021-22 में घरेलू पर्यटकों की संख्या में बीते वर्ष की तुलना में 98 प्रतिशत का इजाफा हुआ था।
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक 2021-22 में भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 3,18,673 थी जबकि 2020-21 में 4,15,859 विदेशी पर्यटक भारत आए थे।
भारत में ऐसे 3,693 धरोहर स्थल हैं जिनका संरक्षण एएसआई के हाथ में हैं। इनमें से कई यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल हैं।
गौरतलब है कि 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण एएसआई संचालित पर्यटन स्थलों को चार महीने से अधिक समय के लिए बंद किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY