जरुरी जानकारी | ताइवान मुंबई में आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करेगा

नयी दिल्ली, पांच जुलाई ताइवान सरकार ने बुधवार को कहा कि वह भारत के साथ सहयोग को और प्रगाढ़ करने के व्यापक उद्देश्य के तहत मुंबई में ताइपे आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र (टीईसीसी) स्थापित करेगी।

मौजूदा समय में, ताइवान के पास दिल्ली और चेन्नई में टीईसीसी हैं।

भारत की वित्तीय राजधानी में टीईसीसी स्थापित करने का ताइवान का निर्णय ऐसे समय में आया है जब प्रमुख ताइवानी कंपनियां अपने उत्पादन इकाइयां चीन से भारत, अमेरिका और यूरोप और उत्तरी अमेरिका के देशों में स्थानांतरित करने पर विचार कर रही हैं।

पिछले साल अगस्त में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (अमेरिकी संसद का निचला सदन) की अध्यक्ष नैन्सी पालोसी की ताइवान यात्रा के बाद चीन और ताइवान के बीच संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।

भारत दुनिया के सबसे बड़े चिप विनिर्माता ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन (टीएसएमसी) सहित प्रमुख ताइवानी चिप उत्पादकों की उत्पादन इकाइयां यहां स्थानांतारित करने इच्छुक है। टीएसएमसी के ग्राहकों में एप्पल भी शामिल है।

ताइवान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मुंबई में टीईसीसी स्थापित करने का निर्णय, हाल के वर्षो में व्यापार, महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्रों में दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों के मद्देनजर लिया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि मुंबई में आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश अवसर बढ़ेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)