देश की खबरें | तबला वादक जाकिर हुसैन, संगीतकार एम एम कीरावनी और अभिनेत्री रवीना टंडन को मिलेगा पद्म पुरस्कार

नयी दिल्ली, 25 जनवरी तबला वादक जाकिर हुसैन, ‘आरआरआर’ फिल्म के संगीतकार एम एम कीरावनी, अभिनेत्री रवीना टंडन के अलावा गायिका सुमन कल्याणपुर और वाणी जयराम के नाम प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले 106 लोगों की सूची में शामिल हैं।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2023 के लिए प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के विजेताओं के नामों की घोषणा की गयी।

संगीतकार एवं तबलावादक जाकिर हुसैन को संगीत के क्षेत्र में असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गयी है। जाकिर हुसैन को 1988 में पद्म श्री जबकि 2002 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

गायिका सुमन कल्याणपुर और वाणी जयराम को उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए पद्म भूषण से सम्मानित करने की घोषणा की गयी।

कीरावनी और रवीना टंडन को पद्म श्री से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गयी, जो किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए एक पुरस्कार है।

यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, लोक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए जाते हैं।

इस सूची में पद्म विभूषण से छह, पद्म भूषण से नौ और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित होने वाले 91 लोगों के नाम शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं और सूची में विदेशियों/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई श्रेणी के दो व्यक्ति भी शामिल हैं। सूची में मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले सात लोग भी शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)