देश की खबरें | अमृतसर में मंदिर के बाहर विस्फोट की घटना का संदिग्ध पंजाब पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमृतसर में मंदिर के बाहर विस्फोट की घटना का एक संदिग्ध पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 17 मार्च अमृतसर में मंदिर के बाहर विस्फोट की घटना का एक संदिग्ध पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक अन्य संदिग्ध फरार हो गया जिसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अमृतसर में 15 मार्च को ठाकुरद्वार मंदिर के बाहर विस्फोट होने से मंदिर की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। एक व्यक्ति को विस्फोटक उपकरण मंदिर की ओर फेंकते देखा गया था।
पंजाब पुलिस के प्रमुख गौरव यादव ने कहा कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर पुलिस ने मंदिर पर हमले के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगा लिया है।
पुलिस महानिदेशक यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘पुलिस टीम ने राजा सांसी में संदिग्धों का पता लगाया। आरोपियों की तरफ से की गई गोलीबारी में हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह घायल हो गए।’’
यादव ने कहा, ‘‘आत्मरक्षा के लिए कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। अन्य आरोपी भाग गया और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’’
घटना के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मंदिर की ओर आते दिखाई दिए। कुछ सेकंड रुकने के बाद उनमें से एक को मंदिर की ओर विस्फोटक उपकरण फेंकते देखा गया और बाद में दोनों घटनास्थल से भाग गए।
पंजाब पुलिस ने उस समय कहा था कि उसे मंदिर पर हमले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस’ (आईएसआई) की भूमिका पर संदेह है।
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन विस्फोट से अमृतसर के खंडवाला इलाके के निवासियों में दहशत फैल गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 17, 2025 11:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

