जरुरी जानकारी | सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज ने सेबी के पास 1,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए दस्तावेज जमा कराए

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर विशेष प्रकार के रसायन बनाने वाली कंपनी सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 1,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास शुरुआती कागजात जमा कराये हैं।

दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नये शेयर जारी किये जायेंगे। इसके अलावा कंपनी के प्रवर्तक और इसके प्रवर्तक समूह के शेयरधारक 800 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लायेंगे।

ओएफएस के तहत विजयकुमार रघुनंदन प्रसाद अग्रवाल 544.41 करोड़ रुपये, निमाई विजय अग्रवाल 212.41 करोड़ रुपये और प्रभा विजय अग्रवाल 43.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।

दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी आईपीओ-पूर्व नियोजन की तैयारी में है। अगर ऐसा होता है मूल निर्गम का आकार घट जाएगा। 175 करोड़ रुपये के आईपीओ से प्राप्त आय का उपयोग कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और अन्य कामकाज के लिए किया जाएगा।

कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में शुद्ध लाभ 73.46 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान इसकी परिचालन आय बढ़कर 311.78 करोड़ रुपये रही। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)