देश की खबरें | लोकसभा चुनाव में दक्षिण भारत से आएंगे आश्चर्यजनक परिणाम : बोम्मई

बेंगलुरु, 24 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बसवराज बोम्मई ने बुधवार को दावा किया 2024 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण भारत से भाजपा के पक्ष में आश्चर्यजनक परिणाम सामने आयेंगे।

बोम्मई ने दावा किया कि देश में ‘मोदी लहर’ है क्योंकि पूरा देश नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के रूप में देखने के लिए उत्सुक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आगामी लोकसभा चुनाव में दक्षिण भारत से चौंकाने वाले नतीजे सामने आएंगे। भाजपा कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से सबसे ज्यादा सीट जीतेगी।’’

बोम्मई ने दावा किया, ‘‘कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा समर्थन और मोदी समर्थन की लहर है। इस बार आगामी संसदीय चुनाव में दक्षिण भारत से अप्रत्याशित नतीजे आने की उम्मीद है। कर्नाटक में भाजपा 25 से ज्यादा सीट जीतेगी।’’

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति(एसी)- अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है। हालांकि कई जातियों को एससी-एसटी श्रेणियों में शामिल किया गया, लेकिन आरक्षण प्रतिशत नहीं बढ़ाया गया है।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने गारंटी और योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए ‘स्पेशल कंपोनेंट प्लान’ (एससीपी)- ‘ट्राइबल सब प्लान’ (टीएसपी) के 11,000 करोड़ रुपये खर्च करके दलितों के साथ अन्याय किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)