देश की खबरें | सूरत यातायात पुलिस 21 दिन के अभियान के दौरान जुर्माना करने के बजाय जागरूक करेगी

अहमदाबाद, छह जुलाई कोविड-19 महामारी और इसके कारण लागू लॉकडाउन के चलते आर्थिक दिक्कतें झेल रहे लोगों के लिए सूरत यातायात पुलिस ने अस्थायी राहत प्रदान करने का फैसला किया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सूरत शहर की यातायात पुलिस 21 दिन तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूल करने के बजाय जागरुकता अभियान चलाएगी।

यह भी पढ़े | बिहार: कोरोना मरीजों की संख्या 12 हजार के पार, अब तक 97 मौतें, 9,014 हुए ठीक: 6 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रशांत सुंबे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सूरत यातायात पुलिस सात जुलाई से 21 दिन तक चलने वाले ''आई फॉलो'' (मैं पालन करता हूं) अभियान की शुरुआत करेगी।

उन्होंने कहा कि इस दौरान जुर्माना करने के बजाय यातायात नियमों को लेकर जागरूक करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

यह भी पढ़े | कोविड-19 को लेकर 32 देशों के 239 वैज्ञानिकों का दावा, हवा से भी फैलता है कोरोना, डब्ल्यूएचओ से की ये मांग.

सुंबे ने कहा कि अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी व्यक्ति का चालान नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि नियमों का पालन करने वाले लोगों की पुलिस द्वारा सराहना की जाएगी जबकि उल्लंघनकर्ताओं को यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए यातायात पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल के जरिए भी अभियान चलाया जाएगा।

सुंबे ने कहा, '' कोरोना वायरस महामारी के कारण लोगों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है और हमने पहले ही आम दिनों की तुलना में यातायात चालान की संख्या को घटाकर 25-30 फीसदी तक कम कर दिया है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)