देश की खबरें | कानपुर कांड की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराई जाए : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 10 जुलाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के कथित मुठभेड़ में मारे जाने के बाद शुक्रवार को कहा कि कानपुर कांड की उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए ताकि पूरी सच्चाई जनता के सामने आ सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विकास दुबे जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों की असलियत सामने आने तक शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को न्याय नहीं मिल पाएगा।

यह भी पढ़े | भारत स्वच्छ ऊर्जा के लिए सर्वाधिक आकर्षक वैश्विक बाजार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है। उनकी अपनी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बच्चों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, महिलाओं के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, दलितों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, अवैध हथियारों के मामलों में सबसे आगे है, हत्याओं में सबसे ऊपर है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ चुकी है। इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल-फूल रहे हैं। इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। पूरा प्रदेश जानता है कि इनको राजनीतिक और सत्ता का संरक्षण मिलता है।’’

यह भी पढ़े | ICSE Board 10th 12th Result 2020 Declared: CISCE 10वीं 12वीं के नतीजे जारी, बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cisce.org पर करें चेक.

प्रियंका ने सवाल किया कि विकास दुबे की कथित मुठभेड़ में मौत के बाद, कानपुर गोलीकांड में मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजन को कैसे भरोसा दिलाया जा सकेगा कि उन्हें न्याय मिलेगा?

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की मांग की है कि उच्चतम न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से कानपुर कांड की न्यायिक जांच कराई जाए और पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।’’

उन्होंने कहा कि विकास दुबे जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों की असलियत सामने आनी चाहिए क्योंकि जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक पीड़ित परिवारों के साथ न्याय नहीं हो सकेगा।

गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार की सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

विकास दुबे को बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)