विदेश की खबरें | सुनक ने प्राचीन मूर्तियों को लेकर मुलाकात रद्द की: यूनान के प्रधानमंत्री का दावा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 28 नवंबर प्राचीन यूनानी मूर्तियों ‘एल्गिन मार्बल्स’ को वापस की करने की मांग को लेकर उपजे विवाद के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने देश की यात्रा पर आए यूनान के अपने समकक्ष किरियाकोस मित्सोताकिस के साथ अपनी प्रस्तावित मुलाकात को कथित रूप से रद्द कर दिया है।

एथेंस में पार्थेनन की प्राचीन यूनानी मूर्तियां उन विवादित ऐतिहासिक वस्तुओं में शुमार हैं जिन्हें ब्रिटिश राजनयिक लॉर्ड एल्गिन 19वीं सदी की शुरुआत में अपने देश ले आए थे और उन्हें अपना अंग्रेजी नाम दे दिया था।

पार्थेनन मूर्तियां अब ब्रिटिश संग्रहालय का हिस्सा हैं और यूनान लंबे वक्त से इन्हें लौटाने की मांग कर रहा है ताकि एथेंस में एक्रोपोलिस म्यूज़ियम (संग्रहालय) में उन मूर्तियों की शृंखला को पूरा किया जा सके।

यह भारत के कोहिनूर हीरा और उन अन्य ऐतिहासिक कलाकृतियों को भी लौटाने की मांग की याद दिलाता है जिन्हें औपनिवेशिक शासन के समय भारत से ले जाया गया था। हाल में महाराष्ट्र सरकार ने 17वीं सदी के ‘बाघ के पंजे’ या वाघ नख को तीन साल के लिए उधार लेने के वास्ते विक्टोरिया और एल्बर्ट म्यूज़ियम के साथ एक समझौता किया है। माना जाता है कि यह वाघ नख छत्रपति शिवाजी महाराज का था।

ब्रिटेन-यूनान के बीच गतिरोध डाउनिंग स्ट्रीट के उस दावे से उपजा प्रतीत होता है जिसमें कहा गया है कि इस बात पर सहमति हुई थी कि सुनक और मित्सोताकिस के बीच किसी भी द्विपक्षीय बैठक के दौरान इस मुद्दे को नहीं उठाया जाएगा, लेकिन यूनान ने इस बात से इनकार किया है।

यूनान के प्रधानमंत्री ने रविवार को बीबीसी से कहा था कि पार्थेनन की कुछ मूर्तियां लंदन में होना और अन्य का एथेंस में होना ऐसा है जैसे ‘मोनालिसा’ की पेंटिंग को बीच से आधा काट देना।

मित्सोताकिस ने सोमवार शाम को पत्रकारों से कहा कि वह सुनक के साथ अपनी मुलाकात के "अचानक रद्द होने से बहुत निराश" हैं, जो मंगलवार दोपहर के लिए निर्धारित थी।

उनकी सरकार के प्रवक्ता ने बाद में एसकेएआई टीवी से कहा, "ब्रिटेन का रवैया हमारे प्रधानमंत्री और हमारे देश के प्रति सम्मान नहीं होने की बात को दिखाता है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)